देहरादून, 20 मार्च 2026। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा एक परीक्षण अलर्ट जारी किया गया। इस परीक्षण का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि आपदा की स्थिति में सूचना समयबद्ध और व्यापक रूप से प्रसारित हो सके।
परीक्षण अलर्ट प्रणाली को और अधिक उन्नत एवं विश्वसनीय बनाने के लिए नियमित परीक्षण किए जा रहे हैं, जो कि आगामी एक सप्ताह तक जारी रहेंगे। इन परीक्षणों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किस मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाता के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में अलर्ट संदेशों का प्रसारण प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं हो पा रहा है। साथ ही, किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही यह भी परीक्षण किया जा रहा है कि विभिन्न परिस्थितियों में अलर्ट संदेश कितनी शीघ्रता से और कितनी सटीकता के साथ आमजन तक पहुंच रहे हैं।
इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की सम्भावना होने पर राज्य के नागरिकों को समय रहते सचेत किया जाना है, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर सावधानियां बरत सकें। इसके अतिरिक्त, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन स्थितियों में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे ऐसे परीक्षण अलर्ट को गंभीरता से लें, घबराएं नहीं, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह संयुक्त प्रयास ही राज्य को आपदाओं के प्रभाव से सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगा।
समाचार पत्र / पत्रिका प्रकाशन, समाचार पोर्टल, फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि कार्यों, रिपोर्टर बनने के लिए संदेश के जरिये व्हाट्सऐप 9411175848, 9045290693 पर संपर्क करें। धन्यवाद !