
चंडीगढ़ 18 मार्च 2026। चंडीगढ़ के हाई-सिक्योरिटी वाले सेक्टर-9 में बुधवार को दिन-दहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। यहां एक जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने एक प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मुल्लांपुर निवासी चरनप्रीत नागरा रोजाना की तरह बुधवार को भी जिम आए थे। वापसी में जैसे ही वह जिम के बाहर पार्किंग में खड़ी गाड़ी में बैठने लगे इतने में पहले से घात लगाकर बैठे 2 युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे प्रॉपर्टी डीलर को कई गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते पर पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

