
वाशिंगटन। कभी युद्ध जीत चुके हैं, कभी बहुत कुछ नष्ट करने का दावा दूसरी ओर ईरान से बातचीत कर युद्ध रोकने जैसे तमाम दावों के बीच यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि अमेरिका आखिर क्या कहना चाहता है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड प्रमुख ने दावा किया कि अमेरिकी बल अब तक 10,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले कर चुके हैं। सेंट्रल कमांड की ओर से बृहस्पतिवार तड़के जारी एक वीडियो में अमेरिकी नौसेना के एडमिरल ब्रैड कूपर ने दावा किया कि अगर आप हमारी उपलब्धियों को हमारे इस्राइली सहयोगी की सफलता के साथ जोड़कर देखें तो हमने मिलकर हजारों और लक्ष्यों पर प्रहार किया है। कूपर ने कहा, हमारे सटीक हमलों ने ईरानी हवाई रक्षा प्रणाली को ध्वस्त कर दिया है और हमारी लड़ाकू उड़ानें असरदार साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरानी नौसेना के सबसे बड़े पोतों में से 92 प्रतिशत पोतों को नष्ट कर दिया है। कूपर ने कहा, अब वे इस क्षेत्र और दुनिया भर में नौसैनिक शक्ति और प्रभाव को सार्थक रूप से प्रदर्शित करने की क्षमता खो चुके हैं।
अमेरिकी दावों से उलट ईरान ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए अब भी फारस की खाड़ी के संकरे मुहाने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है। कूपर ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के दो-तिहाई से अधिक आयुध संयंत्रों पर हमला किया है। उन्होंने कहा, हमने ईरान के मिसाइल, ड्रोन और नौसैनिक उत्पादन केंद्रों तथा पोत निर्माण स्थलों में से दो-तिहाई से अधिक केंद्रों को क्षतिग्रस्त या नष्ट कर दिया है और हमारा काम अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, हम ईरान के व्यापक सैन्य विनिर्माण तंत्र को पूरी तरह से नष्ट करने की दिशा में अग्रसर हैं।
SPECIAL NOTE – समाचार पत्र / पत्रिका प्रकाशन, समाचार पोर्टल, फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि कार्यों, रिपोर्टर बनने के लिए संदेश के जरिये व्हाट्सऐप 9411175848, 9045290693 पर संपर्क करें। धन्यवाद !

