
11 अप्रैल 1934 को समरसाइड, कनाडा में मार्क स्ट्रैंड का जन्म हुआ। मार्क स्ट्रैंड जाने माने अमेरिकी कवि, निबंधकार और अनुवादक बने। उन्हें 1990 में लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में कविता के लिए पोएट लॉरेट कंसल्टेंट नियुक्त किया गया और 2004 में उन्हें वॉलेस स्टीवंस पुरस्कार मिला। मार्क स्ट्रैंड के कुछ विचारणीय, अनुकरणीय उद्धरण
हम यहाँ बस थोड़े समय के लिए हैं। और मुझे लगता है कि जन्म लेना एक ऐसा सौभाग्यपूर्ण संयोग है, कि हम इस पर ध्यान देने के लिए लगभग बाध्य ही हैं।
हर पल एक ऐसी जगह है जहाँ आप पहले कभी नहीं गए।
अगर हर राष्ट्राध्यक्ष और हर सरकारी अधिकारी दिन में एक घंटा कविता पढ़ने में बिताए, तो हम कहीं ज्यादा मानवीय और सभ्य दुनिया में रहेंगे।
ये झुर्रियाँ कुछ भी नहीं हैं, ये सफेद बाल कुछ भी नहीं हैं, यह पेट जो पुराने भोजन से लटक गया है, ये चोटिल और सूजे हुए टखने मेरा धुंधलाता दिमाग, ये सब कुछ भी नहीं हैं। मैं वही लड़का हूँ जिसे मेरी माँ चूमा करती थी।
इतनी देर हो जाने पर भी ऐसा होता है, प्यार का आना, रोशनी का आना। आप जागते हैं और मोमबत्तियाँ जल उठती हैं, मानो वे अपने आप ही जल गई हों, तारे इकट्ठा हो जाते हैं, सपने आपके तकियों में उतर आते हैं, और हवा के गर्म गुलदस्ते बनकर ऊपर उठते हैं। इतनी देर हो जाने पर भी शरीर की हड्डियाँ चमक उठती हैं, और कल की धूल साँस बनकर धधक उठती है।
एक बार जब आप शून्यता का वर्णन करना शुरू करते हैं, तो अंत में आप कुछ-न-कुछ पा ही लेते हैं।
कविता एक ऐसी जगह है जहाँ बाहरीपन और भीतरीपन की स्थितियाँ मूर्त रूप ले लेती हैं जहाँ कल्पना करना, असल में होने के एहसास को महसूस करना है। यह हमें वह जीवन जीने का अवसर देती है जिससे हम वंचित रह जाते हैं, क्योंकि हम असल जिंदगी जीने में ही इतने व्यस्त रहते हैं। इससे भी ज्यादा विरोधाभासी बात यह है कि कविता हमें अपने भीतर इस तरह जीने की अनुमति देती है, मानो हम खुद अपनी ही पहुँच से जरा-सा बाहर हों।
कविता का मतलब है, गति धीमी करना। आप बैठते हैं, कुछ पढ़ते हैं, उसे फिर से पढ़ते हैं, और वह अपने बारे में थोड़ा और खोलकर रख देती हैय और फिर ऐसी बातें सामने आती हैं जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।
कविता में दर्द को इस तरह छाना जाता है कि अंततः, बिल्कुल आखिर में, वह एक सुखद अनुभव में बदल जाता है।
जब मैं चलता हूँ, तो मैं हवा को चीरता हुआ आगे बढ़ता हूँ, और हर बार, हवा उन खाली जगहों को भरने के लिए पीछे से दौड़ पड़ती है जहाँ अभी-अभी मेरा शरीर मौजूद था।
कविताएँ न केवल धैर्य की माँग करती हैं, बल्कि वे एक तरह के समर्पण की भी माँग करती हैं। आपको खुद को पूरी तरह उनके हवाले कर देना होता है। एक कवि के लिए असली भोजन यही है, दूसरी कविताएँ, न कि कोई मीट लोफ (मांसाहारी व्यंजन)। जब हम धूप में चलते हैं, तो हमारी परछाइयाँ खामोशी की नावों जैसी होती हैं।
वह सालों तक मेरे बगल में खड़ी रही, या शायद बस एक पल के लिए? मुझे याद नहीं। शायद मैंने उससे प्यार किया, शायद नहीं। एक घर था, और फिर वह घर नहीं रहा। पेड़ थे, पर अब कोई नहीं बचा। जब कोई याद करने वाला न हो, तो फिर क्या बचता है? तुम, जिनके पल बीत चुके हैं, जो परलोक में धुएँ की तरह बहते फिरते हो, मुझे कुछ बताओ, कुछ भी कहो।
मुझे लगता है कि कविता में कुछ भी मुमकिन है।
जिंदगी कविता लिखने को इसलिए जरूरी बना देती है, ताकि यह साबित हो सके कि मैं सचमुच हर चीज पर ध्यान दे रहा था।
कविता सबसे पहले और सबसे आखिर में, सिर्फ भाषा है, बाकी सब तो बस भरने के लिए है।
हम अपनी जिंदगी की कहानी ऐसे पढ़ रहे हैं, मानो हम खुद उस कहानी का हिस्सा हों, मानो हमने खुद उसे लिखा हो।
हममें से कुछ लोगों के लिए, हम जिस तरह से काम करते हैं, उसके बारे में जितना कम कहा जाए, उतना ही बेहतर है।
हम सबके पास आगे बढ़ने की अपनी-अपनी वजहें होती हैं। मैं इसलिए आगे बढ़ता हूँ, ताकि चीजें टूटने न पाएँ, बल्कि पूरी बनी रहें।
जज्बातों को दफनाने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
कोई भी जिंदगी कविता के लायक तब तक नहीं बन पाती, जब तक कि उस जिंदगी को खुद एक कला का रूप न दे दिया गया हो।
और कम-से-कम कविता में तो आपको झूठ बोलने की पूरी आजादी होनी चाहिए। मेरा मतलब यह नहीं कि आप सचमुच झूठ बोलें, बल्कि यह कि आप अपनी मर्जी से कुछ भी कल्पना कर सकें, कविता जिस दिशा में ले जाए, आप उसी दिशा में आगे बढ़ सकें।
मेरे मुँह के कोनों से स्याही टपक रही है। मेरी खुशी जैसा सुख और किसी के पास नहीं है। मैं तो कविता को ही खा रहा हूँ।
मुझे न तो सच की कोई परवाह है, और न ही इस बात की कि दुनिया की नजर में सुंदर किसे माना जाता है। -मार्क स्ट्रैंड
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

