वाशिंगटन। नरेंद्र मोदी से नाराज चल रहे अमेरिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मोदी के बेहद करीबी मुकेश अंबानी पर मेहरबान हो गए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि एक महीने रूस से तेल लेने की छूट ट्रंप ने शायद अंबानी के फायदे के लिए ही दी है क्योंकि पिछले कई साल से रूस से कच्चा तेल खरीद कर सबसे ज्यादा कमाई मुकेश अंबानी की कंपनी ने ही की है। मुकेश अंबानी की करीब एक साल से ट्रंप से गहरी छन रही है। पिछले साल कतर में मुकेश अंबानी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई थी। ट्रंप ने कहा है कि भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक्सास में स्थापित की जा रही एक नई तेल रिफाइनरी में निवेश करेगी। उन्होंने इस समझौते के लिए कंपनी और भारत में हमारे साझेदारों का आभार व्यक्त किया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर मंगलवार को एक संदेश में इसे 300 अरब अमेरिकी डॉलर का ऐतिहासिक समझौता बताते हुए कहा कि यह परियोजना उनके प्रशासन के अमेरिका फर्स्ट एजेंडा के कारण संभव हो रही है। उन्होंने कहा कि यह समझौता अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा समझौता है और अमेरिकी कामगारों, ऊर्जा क्षेत्र एवं साउथ टेक्सास के लोगों के लिए बड़ी जीत है। ट्रंप ने कहा, भारत में हमारे साझेदारों और उनकी सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस को इस बड़े निवेश के लिए धन्यवाद।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ब्राउन्सविल बंदरगाह पर बनने वाली नई रिफाइनरी अमेरिकी बाजारों को ऊर्जा उपलब्ध कराएगी, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगी, अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन बढ़ाएगी एवं हजारों रोजगार उत्पन्न करेगी। अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उसे फरवरी में एक वैश्विक प्रमुख ऊर्जा कंपनी से नौ अंकों की राशि का निवेश प्राप्त हुआ है जिसका मूल्यांकन 10 अंकों में किया गया है। अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग ने यह भी कहा कि उसने उसी वैश्विक ऊर्जा कंपनी के साथ 20 वर्ष के लिए बाध्यकारी आपूर्ति समझौते का प्रारूप भी तैयार किया है, जिसके तहत अमेरिका में उत्पादित ऊर्जा, जो पूरी तरह अमेरिकी शेल तेल से प्राप्त होगी…की खरीद, प्रसंस्करण और वितरण के लिए प्रतिबद्धता सुनिश्चित की गई है। विज्ञप्ति में रिलायंस इंडस्ट्रीज का नाम नहीं दिया गया है और न ही परियोजना में किए जाने वाले निवेश की राशि का उल्लेख किया गया है। कंपनी ने कहा कि वह इस रिफाइनरी परियोजना का निर्माण कार्य 2026 की दूसरी तिमाही में शुरू करने की योजना बना रही है।