
देहरादून 31 मार्च 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में शहर में कानून और व्यवस्था की स्थिति को लेकर गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं के बढ़ने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाए जाने और हुड़दंगियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। देहरादून के राजपुर रोड स्थित बार (क्लब) में 30 मार्च रात्रि के विवाद के बाद हुई फायरिंग, जिसमें रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत हुई, के मामले में पुलिस ने 30-31 मार्च 2026 को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम रोहित कुमार, निखिल मल्होत्रा, संदीप कुमार और आदित्य चौधरी हैं, जो दिल्ली के रहने वाले हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून शहर और उसके आस पास के क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देश दिए कि डे – नाइट पेट्रोलिंग के साथ ही मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी बढ़ाया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि बार और रेस्टोरेंट क्लोजिंग के लिए निर्धारित समय सीमा को कठोरता से लागू किया जाए। वीकेंड में देहरादून को पार्टी और हुड़दंगियों का अड्डा ना बनने दिया जाए।
मुख्य सचिव ने बार संचालन के नियमों का पालन न करने वाले बार और अवैध बार संचालकों पर भी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपनी ड्यूटी को मुस्तैदी से ना करने वाले लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। शहर के आस पास के क्षेत्रों में खुले होम स्टे की भी निगरानी करने की आवश्यकता है। इसके लिए होम स्टे की मैपिंग की जाए एवं निगरानी रखी जाए कि ये होम स्टे जो टूरिज्म प्रमोशन के लिए बने थे, कहीं लगातार बार लाइसेंस लेकर इसका दुरुपयोग तो नहीं कर रहे हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे खुलने के बाद वीकेंड के लिए और भी अधिक तैयार रहने की आवश्यकता है। इसके लिए अभी से तैयारी करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हुड़दंगियों की पहचान हो सके, इसके लिए किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
SPECIAL Note – प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

