
नई दिल्ली। बुधवार को सरकारी तेल कंपनियों ने विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी करते हुए इसे दोगुने से भी अधिक कर दिया है। इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक (कमर्शियल) एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 195.50 रुपये का बड़ा इजाफा किया गया है। यद्यपि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एटीएफ यानी विमान ईंधन की कीमतों में यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। इतिहास में यह पहली बार है जब एटीएफ की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलोलीटर (केएल) के आंकड़े को पार कर गई है। दिल्ली में एटीएफ के दाम 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़ाकर सीधे 2,07,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर कर दिए गए हैं। इससे पहले 1 मार्च को भी इसकी कीमतों में 5.7 प्रतिशत (5,244.75 रुपये) की वृद्धि हुई थी। ईंधन की कीमतों में इस अप्रत्याशित वृद्धि से हवाई सफर महंगा होने की आशंका है।
हवाई ईंधन के साथ-साथ रेस्टोरेंट और ढाबों में इस्तेमाल होने वाला 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी महंगा हो गया है। 195.50 रुपये की इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। पिछले महीने 1 मार्च को भी कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 114.5 रुपये का इजाफा किया गया था।
सरकारी तेल कंपनियां (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) अंतरराष्ट्रीय बाजार और विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह बाधित हुई है, जिसके चलते वैश्विक तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत तक का उछाल आया है।
मालूम हो कि इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर जारी लगातार हमलों से पूरी दुनिया संकट में आ गई है। गैस की जबरदस्त किल्लत है। जरूरत के अनुरूप आपूर्ति नहीं है, लोग दिन-रात गैस सिलेंडर की लाइनों में लगने को मजबूर हैं। गैस न मिलने से उद्योग और कारोबार ठप्प हो रहे हैं। लोग अपने गांवों को पलायन कर रहे हैं। बाजार में चाय से लेकर अन्य चीजों के दाम बढ़ गए हैं। ब्लैक में घरेलू गैस सिलेंडर 4-5 हजार तक में बिक रहा है वह भी सभी जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा। फुटकर में गैस नहीं मिल रही। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस की किल्लत के चलते लोग भारी तादाद में बेरोजगार हो रहे हैं।
SPECIAL Note – प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

