
न्यूयॉर्क। इस्राइल और अमेरिका ने मिलकर दुनिया को संकट में डाल रखा है, ऐसे में अमेरिका को लगातार झटके भी लग रहे हैं। रूस ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान के अधिकार का खुला समर्थन किया है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वैसिली नेबेंजिया ने कहा कि वर्तमान स्थिति में ईरान को इस अहम समुद्री मार्ग पर यातायात नियंत्रित करने का पूरा अधिकार है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मंच से नेबेंजिया ने पश्चिमी देशों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान पर पूरी जिम्मेदारी थोपने की कोशिश की जा रही है, मानो उसी ने अपने पड़ोसियों पर हमला किया हो, जबकि वास्तविकता अधिक जटिल है।
रूसी राजदूत नेबेंजिया के अनुसार, युद्ध की स्थिति में कोई भी तटीय देश अपनी सुरक्षा के लिए अपने क्षेत्रीय जल में नौवहन (नेविगेशन) को सीमित कर सकता है। उन्होंने इस संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय कानून की व्याख्या करते हुए कहा कि ऐसे कदम सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं के तहत वैध माने जा सकते हैं। रूसी राजदूत ने पश्चिमी देशों की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें आधुनिक समुद्री डाकू तक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश अपने गैरकानूनी कदमों को एकतरफा प्रतिबंधों और दबाव की नीतियों के जरिए छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
नेबेंजिया ने यूरोपीय देशों की भी आलोचना की, जो यूक्रेन द्वारा काला सागर में रूसी व्यापारिक जहाजों पर हमलों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रुख अंतरराष्ट्रीय नियमों के विपरीत है और वैश्विक समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता है। रूसी राजदूत का बयान ऐसे समय में आया जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की जिसमें पुतिन ने ईरान के साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया और मिडिल ईस्ट में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखने की बात कही। मालूम हो कि रूस भी लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों से परेशान है। अब जबकि अमेरिकी मनमानी से पूरी दुनिया तबाह है ऐसे में अमेरिका का पूरी दुनिया में तो विरोध हो ही रहा है, स्वयं अमेरिका में भी हर स्तर पर विरोध हो रहा है। फरवरी के आखिरी हफ्ते में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत के बीच अमेरिका और इस्राइल ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया, तब से काफी नुक्सान हो चुका है और पूरी दुनिया की हालत खराब हो गई है। ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से अपनी नाकेबंदी नहीं हटाएगा तब तक ईरान भी अपनी नाकेबंदी जारी रखेगा। अमेरिकी जोर-जबरदस्ती से यूरोप और बाकी दुनिया के लोग अमेरिका से नाराज हैं।
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

