9 अगस्त 2008 को ह्यूस्टन, टेक्सास, अमेरिका में मशहूर प्रतिरोधी फिलिस्तीनी लेखक और कवि महमूद दरविश (जन्म 13 मार्च 1941 अल-बिरवा, एकर सब-डिस्ट्रिक्ट, मैंडेटरी फिलिस्तीन) का निधन हुआ। महमूद दरविश ने फिलिस्तीन की आजादी का घोषणा-पत्र लिखा, जिससे नवंबर 1988 में फिलिस्तीन राज्य की औपचारिक स्थापना हुई और उन्हें व्यापक रूप से देश का राष्ट्रीय कवि माना जाता है। महमूद दरविश की कविता और अन्य साहित्य के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार मिले, अरबी भाषा में प्रकाशित हुए लेकिन वे अंग्रेजी, फ्रेंच और हिब्रू भाषाएँ भी बोलते थे। अपनी कविताओं में दरविश ने फिलिस्तीन को ईडन (स्वर्ग) के खोने, जन्म और पुनर्जन्म, और बेदखली व निर्वासन की पीड़ा के प्रतीक के रूप में पेश किया। उन्हें इस्लाम में राजनीतिक कवि की परंपरा को साकार करने और प्रतिबिंबित करने वाले व्यक्ति के रूप में वर्णित किया गया है, एक ऐसा कर्मठ व्यक्ति जिसका कर्म ही कविता है। महमूद दरविश ने इजराइल और फिलिस्तीन दोनों जगहों पर कई साहित्यिक पत्रिकाओं संपादन किया। इजराइल और फिलिस्तीनी नेतृत्व, दोनों की आलोचना करने के बावजूद #MahmoudDarwish का मानना था कि शांति संभव है। उन्होंने इजराइली अखबार हारेट्ज से कहा, मैं निराश नहीं हूँ। मैं धैर्यवान हूँ और इजराइलियों की सोच में एक गहरे बदलाव का इंतजार कर रहा हूँ। अरब परमाणु हथियारों से लैस एक मजबूत इजराइल को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं, बस उसे अपने किले के दरवाजे खोलने और शांति स्थापित करने की जरूरत है।
यहां प्रस्तुत हैं महमूद दरविश के कुछ उद्धरण तथा कविताओं के अंश
और तुम कॉफी की तरह हो गए, अपने स्वाद, अपनी कड़वाहट और अपनी लत में।
और मैं खुद से कहता हूँ, मेरे अंधेरे से एक चाँद उगेगा।
आत्मा के लिए सपनों के गायब होने (भाप बनकर उड़ने) की गंध से ज्यादा मुश्किल कुछ नहीं है।
इंसान का जन्म तो एक ही जगह हो सकता है। हालाँकि वह दूसरी जगहों पर कई बार मर सकता है, निर्वासन और जेलों में, और कब्जे और दमन की वजह से बुरे सपने में बदल चुके अपने वतन में।
दिनों ने तुम्हें सिखाया है कि खुशी पर भरोसा न करो, क्योंकि जब वह धोखा देती है तो बहुत तकलीफ होती है।
अगर जैतून के पेड़ों को उन हाथों के बारे में पता होता जिन्होंने उन्हें लगाया था, तो उनका तेल आँसू बन जाता।
मैं वहाँ से हूँ। मैं यहाँ से हूँ। मैं वहाँ नहीं हूँ और मैं यहाँ नहीं हूँ। मेरे दो नाम हैं, जो मिलते हैं और अलग होते हैं, और मेरी दो भाषाएँ हैं। मैं भूल जाता हूँ कि मैं किस भाषा में सपने देखता हूँ।
हम उन चीजों के कैदी हैं जिन्हें हम प्यार करते हैं, जिनकी हम इच्छा करते हैं, और जो हम असल में हैं। अगर जियो, तो आजाद होकर जियो,
या फिर पेड़ों की तरह खड़े-खड़े मरो।
हम एक ऐसी बीमारी से जूझ रहे हैं जिसका कोई इलाज नहीं, उम्मीद।
मुझे लगता था कि कविता सब कुछ बदल सकती है, इतिहास बदल सकती है और इंसानियत ला सकती है, और मुझे लगता है कि कवियों को शामिल होने और यकीन करने के लिए प्रेरित करने के लिए यह भ्रम बहुत जरूरी है, लेकिन अब मुझे लगता है कि कविता सिर्फ कवि को ही बदलती है।
मैं खुद के अलावा किसी और चीज का प्रतिनिधित्व करने का फैसला नहीं करता। लेकिन वह ‘मैं’ सामूहिक यादों से भरा होता है।
मेरा वतन कोई सूटकेस नहीं है, और मैं कोई मुसाफिर नहीं हूँ।
फिलस्तीन के लिए इस्तेमाल की गई उपमा, असल फिलस्तीन से ज्यादा मजबूत है।
उम्मीद के बिना हम खो जाते हैं।
मेरे प्यार, मुझे तुम्हारे हाथों की खामोशी से डर लगता है।
निर्वासन सिर्फ एक भौगोलिक अवधारणा नहीं है। आप अपने वतन में, अपने ही घर में, या एक कमरे में भी निर्वासित हो सकते हैं।
इस धरती पर ऐसी चीजें हैं जो जीने की हकदार हैं।
यहाँ खड़े रहना, यहीं टिके रहना, यहीं हमेशा के लिए बस जाना, और हमारा एक ही मकसद है, बस एक, जिंदा रहना।
जिंदगी को सिर्फ मौत के उलट मान लेना ही जिंदगी नहीं है।
फिलस्तीनी दुनिया की एकमात्र ऐसी कौम है जिसे पक्का यकीन है कि आज का दिन आने वाले दिनों से बेहतर है। आने वाला कल हमेशा बदतर हालात लेकर आता है।
हर खूबसूरत कविता प्रतिरोध का एक काम है।
अगर मेरे सामने दो रास्ते होते, तो मैं तीसरा रास्ता चुनता।
मैंने खून की अदालत के काबिल सारे शब्द सीखे, ताकि मैं नियम तोड़ सकूँ, मैंने सारे शब्द सीखे और उन्हें तोड़कर एक शब्द बनाया, वतन।
मैं गवाही देता हूँ कि जब मुझे भुला दिया जाता है, तब मैं आजाद और जिंदा होता हूँ।
जैसे परदेसियों की गली में कोई छोटा सा कॉफी-हाउस हो,
वही तो प्यार है, जो सबके लिए अपने दरवाजे खोल देता है।
जगह सिर्फ एक भौगोलिक इलाका नहीं होती यह मन की एक अवस्था भी होती है। और पेड़ सिर्फ पेड़ नहीं होते, वे बचपन की पसलियाँ होते हैं।
दमिश्क में कविताएँ पारदर्शी हो जाती हैं, वे न तो कामुक होती हैं, न ही बौद्धिक, वे वैसी होती हैं जैसे गूँज, गूँज से कहती है।
एक दिन मैं वह बन जाऊँगा जो मैं बनना चाहता हूँ, एक दिन मैं एक विचार बन जाऊँगा।
मैं उत्तर, पूर्व और पश्चिम की ओर गया,
लेकिन दक्षिण मेरे लिए दूर और अगम्य था,
क्योंकि दक्षिण ही मेरा घर है।
इसलिए मैं अपने मलबे के ऊपर उड़ती हुई अबाबील का एक रूपक बन गया।
कविता सिर्फ एक लाइन में रखे गए शब्द नहीं होते। यह एक कपड़ा होती है।
जब आप अपना नाश्ता तैयार करें, तो दूसरों के बारे में सोचें
(कबूतर के दाने को न भूलें)।
जब आप युद्ध लड़ें, तो दूसरों के बारे में सोचें
(उन लोगों को न भूलें जो शांति चाहते हैं)।
जब आप पानी का बिल भरें, तो दूसरों के बारे में सोचें
(वे लोग जो बादलों से पानी पाते हैं)।
जब आप घर लौटें, अपने घर, तो दूसरों के बारे में सोचें
(कैंप में रहने वाले लोगों को न भूलें)।
जब आप सोएं और तारे गिनें, तो दूसरों के बारे में सोचें
(वे लोग जिनके पास सोने की कोई जगह नहीं है)।
जब आप रूपकों में खुद को आजाद महसूस करें, तो दूसरों के बारे में सोचें
(वे लोग जिन्होंने बोलने का अधिकार खो दिया है)।
जब आप दूर के लोगों के बारे में सोचें, तो अपने बारे में भी सोचें
(कहें, काश मैं अंधेरे में एक मोमबत्ती होता)।
मैं कौन हूँ जो आपको बताऊं
मैं आपको क्या बताऊं?
और मैं पानी से घिसा हुआ पत्थर नहीं था
वह एक चेहरा बन गया
और न ही हवा ने उसे भेदा
वह नया बन गया
मैं पासा खेलने वाला हूँ,
हम अपना समय जीतते और हारते हैं
मैं तुम्हारी तरह हूँ
या शायद थोड़ा कम
मेरा जन्म कुएं के पास हुआ था
और वे तीन अकेले पेड़ नन की तरह थे
मेरा जन्म बिना किसी सहारे और बिना दाई के हुआ था
मुझे इत्तेफाक से बुलाया गया था
मैं एक परिवार का हिस्सा था
इत्तेफाक से,
और मुझे उसकी खूबियां और कमियां विरासत में मिलीं
और बीमारियां भी। -महमूद दरविश
महमूद दरविश दुनिया के सारे शब्दों से अपना घर, अपना निर्वासन बनाना चाहते थे। मैं अपनी कविताओं को अपनी नसों से बुनता हूँ। मैं एक मजबूत घर की तरह कविता बनाना चाहता हूँ, लेकिन उम्मीद है कि अपनी हड्डियों से नहीं। -मोसाब अबू तोहा
जब मैंने उस संगीत को छोड़ दिया जिसे मैं बहुत पसंद करता था, तब भी तुम्हारा संगीत मेरे साथ रहा। -लीना खलाफ तुफ्फाहा
Quotes and poetic excerpts from renowned Palestinian writer and poet of resistance, Mahmoud Darwish