
9 अगस्त 1962 को मोंटाग्नोला, टिसिनो, स्विट्जरलैंड में नोबेल साहित्य पुरस्कार विजेता जर्मन-स्विस कवि और उपन्यासकार हरमन हेस (जन्म 2 जुलाई 1877 कैल्व, वुर्टेमबर्ग साम्राज्य, जर्मन साम्राज्य) का निधन हुआ। कहते हैं कि पूर्वी धार्मिक, आध्यात्मिक और दार्शनिक परंपराओं में उनकी रुचि और जुंगियन विश्लेषण से उनके जुड़ाव ने उनके साहित्यिक काम को आकार देने में मदद की। उनके सबसे प्रसिद्ध उपन्यासों में डेमियन, स्टेपेनवोल्फ, सिद्धार्थ, नार्सिसस और गोल्डमुंड, और द ग्लास बीड गेम शामिल हैं। इनमें से हर एक उपन्यास किसी व्यक्ति की असलियत, आत्म-ज्ञान और आध्यात्मिकता की खोज को दर्शाता है। हरमन हेस अपने जीवनकाल में जर्मन भाषी देशों में बहुत पढ़े जाने वाले लेखक थे, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असली और स्थायी पहचान उनकी मृत्यु के कुछ साल बाद मिली। 1960 के दशक के मध्य में, #HermannHesse का साहित्य अमेरिका, यूरोप और अन्य जगहों पर दूसरे विश्व युद्ध के बाद की पीढ़ी के पाठकों के बीच बहुत लोकप्रिय हुए।
यहां प्रस्तुत हैं हरमन हेस के कुछ विचारोत्तेजक उद्धरण
सीखिए कि किस बात को गंभीरता से लेना है और बाकी बातों पर हंसिए।
अगर आप किसी इंसान से नफरत करते हैं, तो आप उसमें किसी ऐसी चीज से नफरत कर रहे हैं जो आपके अपने अंदर भी है। जो चीज हमारे अपने अंदर नहीं होती, वह हमें परेशान नहीं करती।
समझदारी सिखाई नहीं जा सकती। एक समझदार इंसान जो समझदारी सिखाने की कोशिश करता है, वह अक्सर किसी और को बेवकूफी लगती है, ज्ञान का आदान-प्रदान हो सकता है, लेकिन समझदारी का नहीं। कोई इसे पा सकता है, इसे जी सकता है, इसके जरिए चमत्कार कर सकता है, लेकिन इसे दूसरों को बता या सिखा नहीं सकता।
जो कोई शोर के बजाय संगीत, क्षणिक सुख के बजाय असली खुशी, सोने के बजाय आत्मा, व्यापार के बजाय रचनात्मक काम, और बेवकूफी के बजाय जुनून चाहता है, उसे हमारी इस मामूली दुनिया में कोई जगह नहीं मिलती।
मैं हमेशा से एक खोजी रहा हूँ और अब भी हूँ, लेकिन मैंने तारों और किताबों से सवाल पूछना छोड़ दिया है, मैंने उस सीख को सुनना शुरू कर दिया है जो मेरा खून मुझे धीरे-धीरे बताता है।
शब्द विचारों को ठीक से व्यक्त नहीं कर पाते। वे हमेशा कहे जाने के तुरंत बाद थोड़े अलग हो जाते हैं, थोड़े बिगड़े हुए, थोड़े बेतुके।
सिद्धार्थ ने कहा, जब कोई कुछ खोजता है, तो अक्सर ऐसा होता है कि उसकी आँखें सिर्फ वही चीज देखती हैं जिसे वह खोज रहा है, और वह कुछ भी नहीं पा पाता, कुछ भी ग्रहण नहीं कर पाता क्योंकि वह हमेशा उसी चीज के बारे में सोचता रहता है जिसे वह खोज रहा है, क्योंकि उसका एक ही लक्ष्य होता है, क्योंकि वह अपने लक्ष्य के प्रति जुनूनी होता है। खोजने का मतलब है, एक लक्ष्य रखना। लेकिन पाने का मतलब है, आजाद होना, खुले मन का होना, कोई लक्ष्य न रखना।
हमें इतना अकेला, इतना पूरी तरह अकेला हो जाना चाहिए कि हम अपने सबसे गहरे आत्म-स्वरूप में सिमट जाएँ। यह गहरे दुख का रास्ता है। लेकिन फिर हमारा अकेलापन खत्म हो जाता है, हम अकेले नहीं रहते, क्योंकि हम पाते हैं कि हमारा सबसे गहरा आत्म-स्वरूप ही आत्मा है, वही ईश्वर है, जो अविभाज्य है। और अचानक हम खुद को दुनिया के बीच पाते हैं, फिर भी उसकी अनेकता से विचलित नहीं होते, क्योंकि अपनी सबसे गहरी आत्मा में हम खुद को सभी जीवों के साथ एक पाते हैं।
किसी दूसरे इंसान की जिंदगी को परखना मेरा काम नहीं है। मुझे परखना है, मुझे चुनना है, मुझे ठुकराना है, सिर्फ अपने लिए। सिर्फ अपने लिए, अकेले।
हम सूरज और चाँद हैं, प्यारे दोस्त, हम समुद्र और जमीन हैं। हमारा मकसद एक-दूसरे जैसा बनना नहीं है, एक-दूसरे को पहचानना, एक-दूसरे को देखना और जो वे हैं, उसके लिए उनका सम्मान करना, यही है असल बात, हर कोई एक-दूसरे का उल्टा भी है और पूरक भी।
मेरा हमेशा से यह मानना रहा है, और अब भी है, कि चाहे अच्छी किस्मत हो या बुरी, हम हमेशा उसे कोई अर्थ दे सकते हैं और उसे किसी कीमती चीज में बदल सकते हैं।
हममें से कुछ लोग सोचते हैं कि किसी चीज को पकड़े रहने से हम मजबूत बनते हैं, लेकिन कभी-कभी उसे छोड़ देने में ही असली ताकत होती है।
अगर मैं जानता हूँ कि प्यार क्या है, तो वह तुम्हारी वजह से ही है।
मैं अपने सपनों में जीता हूँ कृ यही बात तुम महसूस करते हो। दूसरे लोग भी सपनों में जीते हैं, लेकिन अपने सपनों में नहीं। यही फर्क है।
शब्दों, लेखन और किताबों के बिना कोई इतिहास नहीं होता, और न ही इंसानियत का कोई विचार हो पाता।
अकेलापन ही आजादी है। यह मेरी इच्छा थी और समय के साथ मैंने इसे पा लिया। वहाँ ठंड थी। ओह, बहुत ज्यादा ठंड! लेकिन वहाँ शांति भी थी, अद्भुत शांति और विशालता, जैसे अंतरिक्ष की ठंडी शांति जिसमें तारे घूमते हैं।
मुझे बहुत सारी बेवकूफियों, बुराइयों, गलतियों, घृणा, निराशा और दुख का अनुभव करना पड़ा, ताकि मैं फिर से बच्चा बन सकूँ और नई शुरुआत कर सकूँ। मुझे निराशा का अनुभव करना पड़ा, मानसिक गहराई में उतरना पड़ा, यहाँ तक कि आत्महत्या के विचारों से भी गुजरना पड़ा, ताकि मैं ईश्वर की कृपा को महसूस कर सकूँ।
हम गोल-गोल नहीं घूम रहे हैं, हम ऊपर की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ता एक सर्पिल की तरह हैय हम पहले ही कई सीढ़ियाँ चढ़ चुके हैं।
जब सब लोग गपशप कर रहे हों तो चुप रहना, लोगों और संस्थाओं के प्रति बिना किसी दुश्मनी के मुस्कुराना दुनिया में प्यार की कमी को छोटी-छोटी, निजी बातों में ज्यादा प्यार देकर पूरा करना, अपने काम के प्रति ज्यादा वफादार रहना, ज्यादा सब्र दिखाना, मजाक उड़ाने और आलोचना करने से मिलने वाले सस्ते बदले की भावना को छोड़ देना, ये सब ऐसी चीजें हैं जो हम कर सकते हैं।
तुम मरने को तैयार हो, कायर, लेकिन जीने को नहीं।
मैं तुम्हें ऐसा क्या कहूँ जो काम का हो? शायद यही कि तुम बहुत ज्यादा खोज रहे हो, और इसी खोज के कारण तुम्हें कुछ मिल नहीं पा रहा है।
मेरे सबसे प्यारे और सुनहरे सपने इसी बारे में रहे हैंकृएक धड़कन भर के लिए ब्रह्मांड और जीवन की समग्रता को उसके रहस्यमयी, स्वाभाविक तालमेल में सुनना।
हमारे भीतर मौजूद सच्चाई के अलावा और कोई सच्चाई नहीं है। इसीलिए इतने सारे लोग ऐसी अवास्तविक जिंदगी जीते हैं। वे बाहरी तस्वीरों को ही असलियत मानते हैं और कभी भी अपने अंदर की दुनिया को सामने नहीं आने देते।
अरे, प्यार हमें खुश करने के लिए नहीं होता। मेरा मानना है कि यह हमें यह दिखाने के लिए होता है कि हम कितना कुछ सह सकते हैं।
हो सकता है कि महान विचारकों के लिए दुनिया को परखना, उसे समझाना और उससे नफरत करना जरूरी हो। लेकिन मुझे लगता है कि दुनिया से प्यार करना ही जरूरी है, न कि उससे नफरत करनाय न कि एक-दूसरे से नफरत करना, बल्कि दुनिया, खुद को और सभी जीवों को प्यार, तारीफ और सम्मान की नजर से देखना।
पक्षी अंडे से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता है। अंडा ही दुनिया है। जिसे जन्म लेना है, उसे पहले एक दुनिया को खत्म करना होगा। पक्षी ईश्वर की ओर उड़ता है। उस ईश्वर का नाम अब्राक्सस है।
अक्सर सबसे अच्छे लोग ही उन लोगों से प्यार करने से खुद को रोक नहीं पाते जो उन्हें बर्बाद कर देते हैं।
इसलिए उसने उसे अच्छी तरह सिखाया कि खुशी दिए बिना खुशी नहीं मिल सकती, और हर हरकत, हर प्यार भरी छुअन, हर स्पर्श, हर नजर, शरीर के हर हिस्से का अपना एक राज होता है, जो उसे जगाने वाले को खुशी देता है। उसने उसे सिखाया कि प्यार के जश्न के बाद प्रेमी एक-दूसरे की तारीफ किए बिना, एक-दूसरे को जीते या हारे बिना अलग न हों, ताकि कोई भी उदास या ऊबा हुआ महसूस न करे, या उसे इस्तेमाल किए जाने या गलत तरीके से इस्तेमाल किए जाने का बुरा एहसास न हो।
इससे बचा नहीं जा सकता। आप आवारा और कलाकार होकर भी एक जिम्मेदार नागरिक, एक अच्छे और नेक इंसान नहीं बने रह सकते। अगर आप शराब पीना चाहते हैं, तो आपको हैंगओवर भी सहना होगा। आप धूप और खूबसूरत कल्पनाओं को अपनाते हैं, तो आपको गंदगी और मतली को भी अपनाना होगा। सब कुछ आपके अंदर है, सोना और कीचड़, खुशी और दर्द, बचपन की हंसी और मौत का डर। हर चीज को अपनाओ, किसी से मुँह न मोड़ो। खुद से झूठ बोलने की कोशिश मत करो। तुम कोई जिम्मेदार नागरिक नहीं हो। तुम कोई यूनानी नहीं हो। तुममें कोई तालमेल नहीं है, न ही तुम खुद पर काबू रखने वाले इंसान हो। तुम तूफान में फँसे एक परिंदे की तरह हो। तूफान को आने दो! उसे तुम्हें बहा ले जाने दो! तुमने कितना झूठ बोला है! हजारों बार, अपनी कविताओं और किताबों में भी, तुमने एक संतुलित, समझदार, खुश और ज्ञानी इंसान होने का नाटक किया है। ठीक वैसे ही, जैसे युद्ध में हमला करने वाले सैनिक हीरो होने का नाटक करते थे, जबकि अंदर ही अंदर वे डर से कांप रहे होते थे। हे भगवान, इंसान कितना बेचारा बंदर है, आईने के सामने तलवारबाजी करने वाला – खासकर कलाकार – और खासकर मैं खुद! -हरमन हेस
Thought-provoking quote by Nobel Prize-winning German-Swiss poet and novelist Hermann Hesse

