नई दिल्ली। 9 मार्च, 2026 को दिल्ली में बहुत ज्यादा गर्मी रही, तापमान 35.6 से 36 डिग्री सेल्सियस तक। वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, लगभग 208 से 278 तक। दिल्ली में मार्च पहले हफ्ते में असामान्य रूप से गर्म मौसम के चलते बीते शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 50 वर्षों में इस महीने के पहले सप्ताह में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। पिछले 50 वर्षों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में मार्च के पहले सात दिनों के दौरान दर्ज किया गया उच्चतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था जो पांच मार्च, 1999 को दर्ज किया गया था। आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही यह पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन बन गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 2011 से बाद के आंकड़ों के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह के दौरान दूसरा सबसे अधिक तापमान 2016 में दर्ज किया गया था, जब 4 मार्च को पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इस बीच शनिवार को शहर की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दोपहर चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 246 (खराब) था, जबकि एक दिन पहले इसी समय यह 170 (श्मध्यमश्) था। लगातार तीन दिनों तक मध्यम वायु गुणवत्ता के बाद यह गिरावट आई है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमानों के अनुसार, अगले दो दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार होकर मध्यम श्रेणी में पहुंचने की संभावना है, लेकिन मंगलवार को इसमें फिर से गिरावट आ सकती है। सीपीसीबी वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर माना जाता है। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक था, और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। संभावना जताई जा रही है कि इस बार दिल्ली में गर्मी पिछले साल के मुकाबले और बढ़ सकती है जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ेंगी, बिजली पर खर्च और बिजली आपूर्ति पर दबाव बढ़ेगा।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, महीने के केवल एक सप्ताह के भीतर ही अब तक औसत अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 2022 के बाद से सबसे अधिक है। 2022 में, मार्च महीने का औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में मार्च महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस है, जो 31 मार्च, 1945 को दर्ज किया गया था।