विंडसर, लासले (कनाडा)। कनाडा के एक प्रांत ओनटारियो के लासाल शहर में सोशल मीडिया पर अपनी मुखर टिप्पणियों के लिए मशहूर भारतीय मूल की सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और गायिका 45 वर्षीय नैंसी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कनाडा के अखबार विंडसर स्टार की खबर के मुताबिक लासले पुलिस सर्विस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की पुष्टि की और परिवार व दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने कहा है कि शुरुआती जांच में इसे एक अलग-थलग घटना माना जा रहा है। पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया हत्या से जुड़ा कोई आरोपी या संदिग्ध हिरासत में है या नहीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 9ः30 बजे पुलिस और पैरामेडिक्स को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक मेडिकल टीम ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।


बुधवार सुबह अधिकारियों ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को घेर लिया। एक घर के सामने कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत चिह्न (एविडेंस मार्कर) लगाए गए थे। लगभग एक किलोमीटर दूर एक जंगली क्षेत्र को भी पुलिस टेप से सील किया गया है। पुलिस ने इस मामले से जुड़ी जानकारी रखने वाले लोगों से डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करने की अपील की है। इसके साथ ही आसपास के निवासियों से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।


मालूम हो कि नैंसी ग्रेवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय थीं। वह सिख राजनीति, बड़े राजनीतिक नेताओं और खासकर डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादित टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं। उनके वीडियो अक्सर वायरल होते थे, जिसके चलते उन्हें समर्थन और विरोध, दोनों का सामना करना पड़ता था। पुलिस ने अब तक उनकी आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है और न ही हत्या के पीछे संभावित कारणों पर कोई विस्तृत जानकारी दी है। जांच जारी है और पुलिस सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। ग्रेवाल 45 साल की कनाडाई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पंजाबी मूल की यूट्यूबर थीं, जो विंडसर, ओंटारियो में रहती थीं। वह ऑनलाइन अपनी बेबाक राय और पॉलिटिकल और सोशल मुद्दों पर कमेंट्री के लिए जानी जाती थीं, जिसमें अलगाववादी आंदोलनों की आलोचना भी शामिल थी।