पिथौरागढ़, 20 जून 2026। पिथौरागढ़ में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून द्वारा केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के विषय पर आज एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल थीं, गणेश भंडारी, उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति और जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंदरियाल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विगत 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, सामाजिक कल्याण योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यक्रमों ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विगत 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने जनपद पिथौरागढ़ में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वक्ताओं ने बताया कि जनपद में पर्यटन एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विशेष रूप से कैलाश मानसरोवर यात्रा, आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क स्थापित करने के लिए व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्य किए गए हैं, जिससे स्थानीय जनता को सुविधा मिलने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी क्षेत्र को मजबूती मिली है। साथ ही जनपद में हवाई सेवाओं एवं एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से पर्यटन, व्यापार एवं आवागमन को नई गति प्राप्त हुई है।
बताया गया कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
कार्यशाला में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हिमांशु नौगाई, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी राजेश खेतवाल, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक कपिल भट्ट तथा माई भारत के निदेशक डॉ. शैलेश भट्ट द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यशाला में केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विकासात्मक पहलों पर प्रस्तुतीकरण भी दिए गए। पत्रकारों एवं अधिकारियों के मध्य विभिन्न समसामयिक विषयों पर खुलकर चर्चा भी हुई।
PIB Dehradun highlighted public welfare schemes, development works, and achievements of the last 12 years at a media workshop in Pithoragarh
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।