
तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के अनुसार ईरान ने भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान एवं इराक को वाणिज्यिक नौवहन के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद से वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है। होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच एक संकरा नौवहन मार्ग है जिससे दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) का परिवहन होता है।
मालूम हो कि पश्चिम एशिया, भारत की ऊर्जा खरीद का एक प्रमुख स्रोत है। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, अराघची ने कहा, हमने कुछ ऐसे देशों को (होर्मुज जलडमरूमध्य से) गुजरने की अनुमति दी है जिन्हें हम मित्र मानते हैं। हमने चीन, रूस, भारत, इराक और पाकिस्तान को आवागमन की अनुमति दी है। ईरानी विदेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि ईरान के शत्रुओं से जुड़े पोतों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, हम युद्ध की स्थिति में हैं। यह क्षेत्र युद्ध क्षेत्र बना हुआ है और हमारे दुश्मनों एवं उनके सहयोगियों के पोतों को इससे गुजरने देने का कोई कारण नहीं है लेकिन यह अन्य देशों के लिए खुला है। होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक नौवहन में व्यवधान को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंताएं बढ़ी हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कई बार चेतावनी दे चुके हैं कि यदि ईरान जलमार्ग को पूरी तरह से नहीं खोलता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पिछले कुछ सप्ताह में भारत ने पश्चिम एशिया में संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त कराने और होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर केंद्रित कूटनीतिक प्रयास किए हैं।
मालूम हो कि भारत के दर्जनों जहाज होर्मुज पर फंसे हैं। अभी संभवतः इन्हीं को निकलने की अनुमति दी गई है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और कतर आदि में तेल, गैस इत्यादि का उत्पादन ठप्प है या न्यूनतम है, ऐसे में नया माल तो जल्दी नहीं ही मिलेगा। इसलिए लंबे समय तक तमाम वस्तुओं का आयात बाधित रहेगा और आयातक देशों में तेल, गैस, खाद, रसायनों इत्यादि का संकट बना रहेगा। इसके अलावा निर्यात भी प्रभावित रहेगा, क्योंकि अशांत इलाके में कौन माल लेकर जाएगा ?
SPECIAL NOTE – समाचार पत्र / पत्रिका प्रकाशन, समाचार पोर्टल, फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि कार्यों, रिपोर्टर बनने के लिए संदेश के जरिये व्हाट्सऐप 9411175848, 9045290693 पर संपर्क करें। धन्यवाद !

