
30 मार्च 1853 को जुंडर्ट, नीदरलैंड में विंसेंट विलेम वैन गॉग का जन्म हुआ। विंसेंट वैन गॉग विश्व विख्यात डच पोस्ट-इंप्रेशनिस्ट चित्रकार बने। विंसेंट वैन गॉग पश्चिमी कला के इतिहास में सबसे प्रसिद्ध और प्रभावशाली हस्तियों में से एक हुए हैं। विंसेंट वैन गॉग की प्रसिद्धि उनकी मौत के बाद हुई। सिर्फ एक दशक से कुछ ज्यादा समय में विंसेंट वैन गॉग ने लगभग 2,100 कलाकृतियाँ बनाईं, जिनमें लगभग 860 तैल चित्र शामिल हैं इनमें से ज्यादातर उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दो वर्षों में बनाई थीं। उनके जन्म दिन 30 मार्च को विश्व बाइपोलर दिवस मनाया जाता है। माना जाता है कि विंसेंट वैन गॉग मनोविकार बाइपोलर डिसऑर्डर से ग्रसित थे। 23 दिसंबर 1888 को अपने दोस्त पॉल गोगेन के साथ झगड़े के बाद विंसेंट वैन गॉग ने एक रेजर से अपने बाएँ कान का कुछ हिस्सा काट लिया था। खुदकुशी करने से पूर्व उन्होंने कहा था कि उन्होंने जो काम करना था वह कर लिया अब जीने का कोई प्रयोजन नहीं है। विंसेंट वैन गॉग 29 जुलाई 1890 को अपने सीने में खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। विंसेंट वैन गॉग की कलाकृतियों का प्रबंधन और कारोबार उनके भाई और भाभी ने किया था। यहां पेश हैं विंसेंट वैन गॉग के कुछ उद्धरण
कई चीजों से प्यार करना अच्छी बात है, क्योंकि उसी में सच्ची ताकत छिपी होती है और जो जितना ज्यादा प्यार करता है, वह उतना ही ज्यादा काम करता है और उतना ही ज्यादा हासिल कर सकता हैय और जो काम प्यार से किया जाता है, वह हमेशा अच्छा होता है।
मैं अपनी पेंटिंग का सपना देखता हूँ, और फिर अपने उस सपने को पेंट करता हूँ।
तारों और ऊपर फैले अनंत आकाश के बारे में पूरी तरह से जागरूक रहें। तब जीवन सचमुच किसी जादू जैसा लगने लगता है।
और फिर, मेरे पास प्रकृति, कला और कविता है और अगर ये भी काफी नहीं हैं, तो फिर और क्या काफी हो सकता है?
लोगों से प्यार करने से ज्यादा कलात्मक और कुछ भी नहीं है।
मेरे भीतर एक बहुत बड़ी आग जल रही है, लेकिन कोई भी उसके पास आकर खुद को गर्म करने के लिए नहीं रुकता, राहगीर तो बस दूर से धुएँ का एक हल्का सा गुबार ही देख पाते हैं।
मुझे किसी भी चीज के बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं पता, लेकिन तारों को देखकर मैं सपनों की दुनिया में खो जाता हूँ।
सामान्य जीवन एक पक्की सड़क जैसा होता है, उस पर चलना तो आसान और आरामदायक होता है, लेकिन उस पर कोई फूल नहीं खिलते।
अगर तुम्हारे भीतर से कोई आवाज तुमसे कहे कि तुम पेंटिंग नहीं बना सकते, तो भी तुम हर हाल में पेंटिंग बनाना, ऐसा करने से वह आवाज अपने आप ही शांत हो जाएगी।
मैंने अपने काम में अपना तन-मन-धन सब कुछ लगा दिया है, और इस प्रक्रिया में, मैंने अपना मानसिक संतुलन भी खो दिया है।
मैं अक्सर सोचता हूँ कि रात, दिन के मुकाबले कहीं ज्यादा जीवंत और रंगों से भरी हुई होती है।
करीबी दोस्त सचमुच जीवन का सबसे बड़ा खजाना होते हैं। कभी-कभी वे हमें हमसे भी बेहतर जानते हैं। अपनी कोमल और सच्ची ईमानदारी के साथ, वे हमारा मार्गदर्शन करने और हमें सहारा देने के लिए हमेशा हमारे साथ खड़े रहते हैं, वे हमारी खुशियों और हमारे आँसुओं, दोनों में हमारे साथ होते हैं। उनकी मौजूदगी हमें यह एहसास दिलाती है कि हम असल में कभी भी अकेले नहीं होते।
यह उदासी हमेशा के लिए बनी रहेगी।
अगर भविष्य में मेरा कोई मोल होगा, तो आज भी मेरा कोई न कोई मोल जरूर है। क्योंकि गेहूँ तो गेहूँ ही होता है, भले ही शुरुआत में लोग उसे घास ही क्यों न समझें।
अगर हममें कुछ भी करने की हिम्मत ही न होती, तो फिर हमारा जीवन कैसा होता?
कला का असली मकसद उन लोगों को सांत्वना देना है, जो जीवन की मुश्किलों से टूट चुके हैं।
अगर तुम सचमुच प्रकृति से प्यार करते हो, तो तुम्हें हर जगह सुंदरता ही सुंदरता नजर आएगी।
मैं खोज रहा हूँ, मैं लगातार प्रयास कर रहा हूँ और मैं पूरे दिल से इस काम में जुटा हुआ हूँ। मछुआरे जानते हैं कि समुद्र खतरनाक है और तूफान भयानक, लेकिन उन्होंने इन खतरों को कभी भी किनारे पर ही रुके रहने का पर्याप्त कारण नहीं माना।
महान काम किसी एक पल के जोश में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी चीजों की एक कड़ी से मिलकर होते हैं।
मैं अपनी कला के जरिए लोगों के दिलों को छूना चाहता हूँ। मैं चाहता हूँ कि लोग कहें, वह बहुत गहराई से महसूस करता है, वह बहुत कोमलता से महसूस करता है।
इंसान का दिल बहुत हद तक समुद्र जैसा ही होता है, इसमें अपने तूफान होते हैं, अपनी लहरें होती हैं, और इसकी गहराइयों में इसके मोती भी होते हैं।
मैं ज्यादा से ज्यादा खुद जैसा बनने की कोशिश करता हूँ, और इस बात की परवाह बहुत कम करता हूँ कि लोग मुझे पसंद करते हैं या नापसंद।
मैं हमेशा वही काम करता हूँ जो मैं अभी तक नहीं कर सकता, ताकि मैं उसे करना सीख सकूँ।
मैं हमेशा सोचता हूँ कि ईश्वर को जानने का सबसे अच्छा तरीका है, बहुत सी चीजों से प्रेम करना।
किताबें पढ़ना भी बिल्कुल तस्वीरें देखने जैसा ही है, इंसान को बिना किसी शक, बिना किसी हिचकिचाहट और पूरे भरोसे के साथ, जो कुछ भी सुंदर है उसकी तारीफ करनी चाहिए।
इस समय, मैं पूरी शिद्दत से तारों भरा आसमान बनाना चाहता हूँ। मुझे अक्सर ऐसा लगता है कि रात के रंग दिन के रंगों से भी ज्यादा गहरे और समृद्ध होते हैं, इसमें सबसे गहरे बैंगनी, नीले और हरे रंग की छटाएँ होती हैं। अगर आप जरा ध्यान देंगे, तो आप पाएँगे कि कुछ तारे नींबू जैसे पीले होते हैं, तो कुछ गुलाबी, या फिर हरे, नीले और फॉरगेट-मी-नॉट (एक प्रकार का नीला फूल) जैसी चमक वाले होते हैं। और इस विषय पर ज्यादा विस्तार से बात किए बिना भी यह जाहिर है कि तारों भरा आसमान बनाने के लिए, बस नीले-काले रंग पर छोटे-छोटे सफेद बिंदु बना देना ही काफी नहीं है।
शुरुआत करना शायद किसी भी और चीज से ज्यादा मुश्किल होता है, लेकिन हिम्मत मत हारिए, सब कुछ ठीक हो जाएगा।
किसी भी चीज को लंबे समय तक निहारते रहने से ही आप परिपक्व होते हैं, और आपको उस चीज का एक गहरा अर्थ समझ में आता है।

