25 मई 1803 को बोस्टन, मैसाचुसेट्स, अमेरिका में राल्फ वाल्डो एमर्सन का जन्म हुआ। राल्फ वाल्डो एमर्सन विख्यात अमेरिकी निबंधकार, व्याख्याता, दार्शनिक, पादरी, दास-प्रथा विरोधी कार्यकर्ता, कवि, 19वीं सदी के मध्य में ट्रान्सेंडेंटलिस्ट आंदोलन के नेतृत्वकर्ता-संगठनकर्ता बने। प्लेटो, इमैनुएल कांट, कोंग किउ, आइजैक न्यूटन इत्यादि से प्रभावित राल्फ वाल्डो एमर्सन को व्यक्तिवाद और आलोचनात्मक सोच के प्रबल समर्थक के रूप में देखा जाता है, वे समाज और सामाजिक अनुरूपता के विपरीत दबावों के प्रति दूरदर्शी आलोचक भी थे। विख्यात जर्मन दार्शनिक फ्रेडरिक नीत्शे ने कहा, राल्फ वाल्डो एमर्सन अमेरिकियों में सबसे अधिक प्रतिभाशाली थे और अमेरिकी कवि, निबंधकार और पत्रकार वॉल्ट व्हिटमैन ने एमर्सन को अपना गुरु कहा। यहां प्रस्तुत हैं राल्फ वाल्डो एमर्सन के प्रेरणादायक, विचारणीय, अनुकरणीय, गंभीर, तीखे, चुटीले उद्धरण
ईर्ष्या अज्ञानता है, नकल करना आत्महत्या है।
खुद पर भरोसा रखो, हर दिल उसी लोहे के तार (दृढ़ता) के साथ धड़कता है।
ऐसी दुनिया में खुद बने रहना, जो लगातार तुम्हें कुछ और बनाने की कोशिश कर रही हो, यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
हर उस मिनट के लिए, जब तुम गुस्सा करते हो, तुम खुशी के साठ सेकंड खो देते हो।
हर दिन को पूरा करो और उसे वहीं खत्म कर दो। तुमने जो कर सकते थे, वह किया। कुछ गलतियाँ और बेवकूफियाँ बेशक हुई होंगी, उन्हें जितनी जल्दी हो सके भूल जाओ। कल एक नया दिन है। तुम इसकी शुरुआत शांति से और इतने ऊँचे उत्साह के साथ करोगे कि पुरानी बकवास का बोझ तुम पर न रहे।
पुराने दोस्तों का एक आशीर्वाद यह भी है कि तुम उनके साथ बेवकूफी करने की आजादी ले सकते हो।
हमेशा वही करो, जिसे करने से तुम्हें डर लगता हो।
मुझे पढ़ी हुई किताबें उतनी याद नहीं रहतीं, जितने खाए हुए भोजन, फिर भी, उन्हीं ने मुझे बनाया है।
जीवन का उद्देश्य केवल खुश रहना नहीं है। इसका उद्देश्य उपयोगी होना, सम्माननीय होना, दयालु होना और यह फर्क पैदा करना है कि तुमने जीवन जिया है, और उसे अच्छे से जिया है।
धूप में रहो, समुद्र में तैरो, खुली हवा में साँस लो।
तुम्हारे काम इतनी जोर से बोलते हैं कि मैं तुम्हारी कही हुई बातें सुन ही नहीं पाता।
जब अँधेरा काफी गहरा हो जाता है, तब तुम तारों को देख पाते हो।
तो फिर, गलत समझा जाना क्या इतना बुरा है? पाइथागोरस को गलत समझा गया, सुकरात को, ईसा मसीह को, लूथर को, कोपरनिकस को, गैलीलियो को, न्यूटन को, और हर उस पवित्र और बुद्धिमान आत्मा को, जिसने कभी शरीर धारण किया। महान होने का अर्थ ही है, गलत समझा जाना।
अपनी खुद की बाइबल बनाओ। उन सभी शब्दों और वाक्यों को चुनो और इकट्ठा करो, जो तुम्हारी सारी पढ़ाई-लिखाई के दौरान तुम्हें किसी तुरही की गूँज (प्रेरणा) की तरह लगे हों।
दोस्ती की महिमा न तो हाथ बढ़ाने में है, न ही प्यारी मुस्कान में, और न ही साथ होने के आनंद में, यह तो वह आध्यात्मिक प्रेरणा है, जो किसी को तब मिलती है, जब उसे पता चलता है कि कोई और उस पर विश्वास करता है और दोस्ती के रूप में उस पर भरोसा करने को तैयार है।
मैंने अब तक जो कुछ भी देखा है, वह मुझे यह सिखाता है कि जिस चीज को मैंने अभी तक नहीं देखा है, उसके लिए मैं सृष्टिकर्ता पर भरोसा करूँ।
धरती फूलों के रूप में मुस्कुराती है।
इस दुनिया में, दुनिया की राय के अनुसार जीना आसान है और अकेलेपन में हम अपनी मर्जी से जीते हैं, लेकिन महान इंसान वह है जो भीड़ के बीच रहते हुए भी, पूरी विनम्रता के साथ अपने अकेलेपन की आजादी बनाए रखता है।
जीवन की लंबाई नहीं, बल्कि उसकी गहराई मायने रखती है।
आप वही इंसान बनते हैं, जो बनने का फैसला आप खुद करते हैं।
उस जिंदगी को जीने की हिम्मत करें, जिसका सपना आपने अपने लिए देखा है। आगे बढ़ें और अपने सपनों को सच करें।
आप जो भी करते हैं, उसके लिए हिम्मत चाहिए। आप जो भी रास्ता चुनते हैं, हमेशा कोई न कोई ऐसा होता है जो आपको यह कहता है कि आप गलत हैं। हमेशा ऐसी मुश्किलें आती हैं, जो आपको यह मानने पर मजबूर करती हैं कि आपके आलोचक सही हैं। काम करने का कोई तरीका तय करना और उसे आखिर तक निभाना, इसके लिए वैसी ही हिम्मत चाहिए, जैसी एक सैनिक को चाहिए होती है। शांति की भी अपनी जीत होती है, लेकिन उन्हें पाने के लिए बहादुर स्त्री-पुरुषों की जरूरत होती है।
अपने दिल पर यह बात लिख लें कि साल का हर दिन सबसे अच्छा दिन होता है।
एक बार जब आप कोई फैसला कर लेते हैं, तो पूरा ब्रह्मांड उसे सच करने की साजिश रचता है।
प्रकृति की गति अपनाएँ, उसका राज है सब्र।
बिना किसी लक्ष्य के इंसान किसी काम की शुरुआत नहीं कर पाता। और बिना मेहनत के वह किसी काम को पूरा नहीं कर पाता। इनाम आपके पास चलकर नहीं आएगा। आपको उसे खुद जीतना होगा।
हर उस अच्छी चीज के लिए शुक्रगुजार होने की आदत डालें जो आपको मिलती है, और लगातार धन्यवाद देते रहें। और क्योंकि हर चीज ने आपकी तरक्की में योगदान दिया है, इसलिए आपको अपनी शुक्रगुजारी में हर चीज को शामिल करना चाहिए।
जीवन एक सफर है, मंजिल नहीं।
अगर हमारी मुलाकात किसी ऐसे इंसान से हो, जिसकी बुद्धि बहुत तेज हो, तो हमें उससे जरूर पूछना चाहिए कि वह कौन-सी किताबें पढ़ता है।
खुद का सबसे बेहतरीन इस्तेमाल करें, क्योंकि आप असल में बस यही हैं।
बिना किसी जोश और उत्साह के, कभी भी कोई महान काम हासिल नहीं किया जा सका है। -राल्फ वाल्डो एमर्सन
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।