मुंबई। बेस्ट कोरियोग्राफी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त जानी मानी बॉलीवुड कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट चर्चित अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ईठा के जरिए फिर से सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करने वाली है। ईठा फिल्म एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें श्रद्धा तमाशा कलाकार, लावणी डांसर और लोक गायिका विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। वैभवी मर्चेंट ने फिल्म में लावणी डांस सीक्वेंस को तैयार किया है। वैभवी मर्चेंट का कहना है कि फिल्म ईठा में लावणी को दिखाना मेरे लिए भावनात्मक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी थी। यह एक विरासत को सम्मान देने की कोशिश है। लावणी भारत की लोक नृत्य परंपराओं में से एक है, जिसमें सिर्फ नृत्य नहीं बल्कि पीढ़ियों की कहानियां, संघर्ष, ताकत और कला की गहराई छिपी हुई है। इस कला को समझना और उसे स्क्रीन पर सही रूप में प्रस्तुत करना बेहद जरूरी था। वैभवी मर्चेंट के अनुसार जब मैंने इस फिल्म के लिए काम शुरू किया, तो मेरा पूरा ध्यान इस बात पर था कि लावणी की असली आत्मा को कैसे बरकरार रखा जाए। मेरे लिए यह प्रोजेक्ट एक मौका था, जहां मैं एक ऐसी परंपरा को दुनिया के सामने पेश कर सकती थी, जिसे अक्सर सीमित रूप में देखा जाता है। मेरा मानना है कि लोक कला को सही सम्मान और मंच मिलना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उससे जुड़ सके।
वैभवी मर्चेंट ने बताया कि आज के समय में जब दर्शक तेजी से बदल रहे हैं, तब जरूरी है कि पारंपरिक कलाओं को इस तरह प्रस्तुत किया जाए कि वह आधुनिक दर्शकों के लिए भी आकर्षक और समझने योग्य बन सके। इसी सोच के साथ मैंने फिल्म के डांस सीक्वेंस को डिजाइन किया है। अगर इस फिल्म को देखने के बाद कुछ लोग भी लावणी के बारे में जानने, समझने और उसे अपनाने की कोशिश करें, तो यह मेरे लिए सबसे बड़ी सफलता होगी। बता दें कि फिल्म ईठा का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसमें श्रद्धा कपूर, रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म मैडॉक फिल्म्स बैनर के तहत बनाई जा रही है और इसे 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
17 दिसंबर 1975 को महाराष्ट्र में जन्मी रमेश मर्चेंट और हृदय मर्चेंट की बेटी वैभवी मर्चेंट बॉलीवुड फिल्मों में बतौर भारतीय नृत्य कोरियोग्राफर काम करती हैं। उन्होंने 1999 में हम दिल दे चुके सनम के गाने ढोली तारो ढोल बाजे और 2023 में रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे के लिए दो बार सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। लावणी महाराष्ट्र का जोशीला, सुंदर लोक नृत्य है, जो अपनी दमदार लय और भावपूर्ण कहानी कहने की शैली के लिए जाना जाता है। पारंपरिक रूप से ढोलकी की थाप पर नौ-गज की साड़ी पहनकर किए जाने वाले इस नृत्य में कामुकता, तेज फुटवर्क और सामाजिक-राजनीतिक व्यंग्य का मेल होता है, जो इसे एक जीवंत सांस्कृतिक कला का रूप देता है।
Vaibhavi Merchant and Shraddha Kapoor will present a fine rendition of Maharashtra’s popular folk dance, Lavani, through the film Eetha
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।