
मुंबई। सुपरहिट फिल्म जुदाई 1997 में रिलीज हुई थी जो अपनी अनोखी कहानी और शानदार गानों की वजह से लोगों के बीच आज भी लोकप्रिय है। फिल्म में दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी, अभिनेता अनिल कपूर, और अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। खास तौर पर उर्मिला मातोंडकर के निभाए गए जान्हवी के किरदार ने लोगों के दिलों में अलग जगह बनाई थी। हालांकि पर्दे पर आत्मविश्वास से भरपूर नजर आने वाली उर्मिला के लिए इस फिल्म की शूटिंग उतनी आसान नहीं थी, जितनी दर्शकों को दिखाई देती है।
आजकल उर्मिला मातोंडकर इंडियाज बेस्ट डांसर के डांस शो के सीजन 5 में स्पेशल गेस्ट के बतौर पर शामिल हैं। उन्होंने अपने फिल्मी सफर की कई यादों को साझा किया। फिल्म जुदाई का जिक्र हुआ तो उन्होंने बताया कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए कितना चुनौतीपूर्ण अनुभव था। उर्मिला ने कहा, मुझे फिल्म की कहानी और किरदार काफी पसंद आए थे, लेकिन श्रीदेवी और अनिल कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने में मैं काफी घबरा रही थीं। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं इतने अनुभवी कलाकारों के सामने अपने अभिनय को कैसे साबित कर पाऊंगी। कई बार तो यह सोचकर ही पसीने छूटने लगते थे कि मुझे श्रीदेवी के सामने एक्टिंग करना है।
उर्मिला मातोंडकर के अनुसार श्रीदेवी काफी बड़ी अभिनेत्री थीं। उनके व्यक्तित्व में भी एक अलग तरह का प्रभाव था। वह अपने काम के प्रति बेहद समर्पित थीं और हर सीन को पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ निभाती थीं। ये देखकर मैं उनके सामने अभिनय करते समय काफी दबाव महसूस करती थी। उर्मिला ने बताया, फिल्म का एक गाना हां मुझे प्यार हुआ अल्लाह मियां फिल्माए जाने के समय मुझे कई सीन्स को लेकर चिंता रहती थी। मैं बार-बार सोचती थी कि कहीं मेरा अभिनय कमजोर न पड़ जाए। लेकिन जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ी, मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। श्रीदेवी और अनिल कपूर किसी एक्टिंग स्कूल से कम नहीं थे। मेरी सारी घबराहट धीरे-धीरे दूर होती चली गई और मुझे सेट पर मजा आने लगा।
जुदाई की कहानी अपने दौर के हिसाब से काफी अलग थी। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धन-दौलत और आरामदायक जीवन की चाह में अपने पति की दूसरी शादी करवाने के लिए तैयार हो जाती है। लेकिन समय बीतने के साथ उसे एहसास होता है कि उसने अपने वैवाहिक जीवन में किसी तीसरे व्यक्ति को जगह देकर बहुत बड़ी गलती कर दी है। निर्माता बोनी कपूर की इस फिल्म में श्रीदेवी, अनिल कपूर और उर्मिला मातोंडकर के अलावा कादर खान, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, परेश रावल, उपासना सिंह, ओमकार कपूर, और सईद जाफरी जैसे कई शानदार कलाकार भी नजर आए थे।
Urmila Matondkar was afraid to act opposite Sridevi and Anil Kapoor in the 1997 film Judaai
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

