
बिहार के दरभंगा में 30 जून 1911 को विद्यानाथ मिश्र का जन्म हुआ। बाबा नागार्जुन के नाम से सुप्रसिद्ध अत्यंत साहसिक, प्रखर जनवादी कवि हुए। जनांदोलनों में शरीक रहे और इंदिरा गांधी, बाल ठाकरे, राजीव गांधी इत्यादि के नाम लेकर तीखी कविताएं भी लिखीं। हिंदी के अतिरिक्त उन्होंने मैथिली और अन्य भाषाओं में भी लिखा। यहां प्रस्तुत हैं बाबा नागार्जुन की दो कविताएं।
खड़ी हो गई चाँपकर कंकालों की हूक
नभ में विपुल विराट-सी शासन की बंदूक
उस हिटलरी गुमान पर सभी रहें है थूक
जिसमें कानी हो गई शासन की बंदूक
बढ़ी बधिरता दस गुनी, बने विनोबा मूक
धन्य-धन्य वह, धन्य वह, शासन की बंदूक
सत्य स्वयं घायल हुआ, गई अहिंसा चूक
जहाँ-तहाँ दगने लगी शासन की बंदूक
जले ठूँठ पर बैठकर गई कोकिला कूक
बाल न बाँका कर सकी शासन की बंदूक
उनको प्रणाम!
जो नहीं हो सके पूर्ण-काम
मैं उनको करता हूँ प्रणाम।
कुछ कुंठित औ’ कुछ लक्ष्य-भ्रष्ट
जिनके अभिमंत्रित तीर हुए
रण की समाप्ति के पहले ही
जो वीर रिक्त तूणीर हुए!
उनको प्रणाम!
जो छोटी-सी नैया लेकर
उतरे करने को उदधि-पार
मन की मन में ही रही, स्वयं
हो गए उसी में निराकार!
उनको प्रणाम!
जो उच्च शिखर की ओर बढ़े
रह-रह नव-नव उत्साह भरे
पर कुछ ने ले ली हिम-समाधि
कुछ असफल ही नीचे उतरे!
उनको प्रणाम!
एकाकी और अकिंचन हो
जो भू-परिक्रमा को निकले
हो गए पंगु, प्रति-पद जिनके
इतने अदृष्ट के दाव चले!
उनको प्रणाम!
कृत-कृत नहीं जो हो पाए
प्रत्युत फाँसी पर गए झूल
कुछ ही दिन बीते हैं, फिर भी
यह दुनिया जिनको गई भूल!
उनको प्रणाम!
थी उग्र साधना, पर जिनका
जीवन नाटक दुःखांत हुआय
था जन्म-काल में सिंह लग्न
पर कुसमय ही देहांत हुआ!
उनको प्रणाम!
दृढ़ व्रत औ’ दुर्दम साहस के
जो उदाहरण थे मूर्ति-मंत
पर निरवधि बंदी जीवन ने
जिनकी धुन का कर दिया अंत!
उनको प्रणाम!
जिनकी सेवाएँ अतुलनीय
पर विज्ञापन से रहे दूर
प्रतिकूल परिस्थिति ने जिनके
कर दिए मनोरथ चूर-चूर!
उनको प्रणाम! -नागार्जुन
On the occasion of the birth anniversary of the people’s poet Baba Nagarjun, here are two of his poems: Salutations to Him! and The Ruler’s Gun
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।


