
संयुक्त राष्ट्र, न्यू यॉर्क। भारतीय सैन्य अधिकारी मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वर्तमान में वह संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल लेबनान (यूएनआईएफआईएल) में भारतीय बटालियन के महिला सहभागिता दल (एफईटी) की कमांडर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। लेबनान में तैनाती के दौरान महिलाओं और किशोरियों के साथ संपर्क बढ़ाने, सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी तथा शांतिरक्षकों को लैंगिक संवेदनशीलता प्रशिक्षण देने के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे भारत के लिए गर्व का विषय बताया। मेजर बराक भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। उन्हें 29 मई को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन हर वर्ष संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों का अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है क्योंकि मेजर बराक यह सम्मान पाने वाली देश की तीसरी महिला अधिकारी होंगी। इससे पहले मेजर सुमन गवानी और मेजर राधिका सेन को भी संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार मिल चुका है। वर्ष 2016 में स्थापित यह पुरस्कार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के महिला, शांति और सुरक्षा संबंधी संकल्प 1325 के सिद्धांतों को बढ़ावा देने वाले शांतिरक्षकों को दिया जाता है।
हरियाणा के रोहतक की रहने वाली अभिलाषा बराक भारतीय सेना की एक अधिकारी हैं। उन्होंने 2016 में दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। उन्होंने 2017 में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई से अपनी ट्रेनिंग पूरी की। उन्हें 2022 में भारतीय सेना की पहली महिला कॉम्बैट एविएटर बनने के लिए जाना जाता है। उन्होंने महाराष्ट्र के नासिक में कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में, 6657 आर्मी एविएशन कोर यूनिट में अपनी एक साल की ट्रेनिंग पूरी की। अभिलाषा बराक के पिता फौज में कर्नल थे। अभिलाषा का जन्म तमिलनाडु के वेलिंगटन स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में हुआ था, जब उनके पिता डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में एक कोर्स कर रहे थे। सितंबर 2018 में उन्हें आर्मी एयर डिफेंस कोर में कमीशन मिला। 28 सितंबर 2019 को उन्होंने आर्मी एयर डिफेंस कोर की टुकड़ी का नेतृत्व किया, जब पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 25 साल की सेवा पूरी होने पर कोर को प्रेसिडेंट्स कलर्स से सम्मानित किया।
Indian Army officer Major Abhilasha Barak has been awarded the United Nations Military Gender Advocate of the Year Award for distinguished service in Era of Cockroach Janta Party
कृपया हमारी Hindi News Website : https://www.peoplesfriend.in देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष – आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

