हल्द्वानी (नैनीताल) 8 अगस्त 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर अपना हमला तेज करते हुए आजादी की लड़ाई में आएसएस के योगदान पर सवाल उठाए और भारतीय जनता पार्टी और उसके वैचारिक मार्गदर्शक संगठन पर आरोप लगाया कि वे कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं, जबकि ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। नैनीताल जिले के प्रमुख शहर हल्द्वानी में एक रैली को संबोधित करते हुए, खड़गे ने 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंका। 8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के करो या मरो के आह्वान का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन ने भारतीयों को ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट किया और अंततः उन्हें देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
राज्य सभा सांसद खड़गे ने कहा, आज एक शुभ दिन है और हमने यहीं से जीत का शंखनाद किया है। इससे बदलाव आएगा और कांग्रेस यहां सरकार बनाएगी। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान भाजपा या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कोई भी सच्चा सदस्य जेल नहीं गया। उन्होंने कहा, भाजपा और आरएसएस ने देश की आजादी की लड़ाई के लिए कुछ नहीं किया। सच तो यह है कि हम असली देशभक्त हैं। वे (भाजपा-आरएसएस) तो भागने वाले लोग हैं। खड़गे ने मंदिर के दान में अनियमितताओं का जिक्र करते हुए भाजपा और धर्म के नाम पर लूट का आरोप लगाया। उन्होंने केदारनाथ, बद्रीनाथ और अयोध्या में राम मंदिर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि जो लोग भक्तों के चढ़ावे को लेने के आरोपी हैं, वे अब अपने राजनीतिक विरोधियों को भगवान के खिलाफ बता रहे हैं। कांग्रेस नेता खड़गे ने आगे कहा कि जब मैं संसद में इस पर बोलने के लिए खड़ा होता हूं, तो भाजपा सांसद हंगामा करने लगते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसके डबल-इंजन गवर्नेंस मॉडल पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रचार-प्रसार पर हर साल 1,000 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। यह किसका पैसा है? उन्होंने कहा, यह जनता का पैसा है, लोगों के टैक्स से आया पैसा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस पैसे का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रचार के लिए कर रही है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच अंतर बताते हुए खड़गे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने देश भर में यात्रा करने और युवाओं, किसानों, छात्रों व गरीबों से मिलने के लिए राहुल गांधी की सराहना की। उन्होंने राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा को संविधान बचाने की कोशिश बताया।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सरकार अग्निवीर भर्ती योजना को खत्म कर देगी और पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करेगी। उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए और कुमाऊं व गढ़वाल रेजिमेंट के योगदान को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि मौजूदा चार साल के कार्यकाल ने युवा सैनिकों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है और अग्निवीरों को खाली पदों पर स्थायी नौकरी दी जाएगी। खड़गे ने उत्तराखंड में जनता से जुड़े तमाम मामलों पर प्रदेश की भाजपा सरकार की आलोचना की।
रैली स्थल रामलीला मैदान के भीतर जगह भरने के बाद बाहर भी समर्थकों की भीड़ बनी रही. बाजारों और प्रमुख सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के झंडों के साथ नजर आए. कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तराखंड समेत आगामी विधानसभा चुनाव वाले पांच राज्यों में बीजेपी की विदाई का माहौल बन रहा है। खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुट होने की अपील की। मालूम हो कि प्रशासन ने जगह-जगह कांग्रेस नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं को रैली में जाने से रोकने का खूब प्रयास किया। कुछ दिन पहले ही देहरादून में राहुल गांधी का कार्यक्रम विफल करने की कोशिश की गई थी। इसके बावजूद जनता भारी संख्या में कांग्रेस नेता के कार्यक्रम में शामिल हुई।
The BJP is looting in the name of religion; the Congress government will scrap the Agniveer recruitment scheme and implement the Old Pension Scheme – Mallikarjun Kharge